कम कीमत में हवाई टिकट बुक करने का झांसा देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

कम कीमत में हवाई टिकट बुक करने का झांसा देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

कम कीमत में हवाई टिकट बुक करने का झांसा देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
Modified Date: September 26, 2025 / 06:11 pm IST
Published Date: September 26, 2025 6:11 pm IST

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ऐसे साइबर ठगों का भंडाफोड़ करने का दावा किया जो कम कीमत में हवाई टिकट बुक कराने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करते थे। एक अधिकारी ने बताया कि मामले में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों की पहचान देहरादून के 28 वर्षीय तनुज अग्रवाल और उत्तर प्रदेश में देवबंद के 30 वर्षीय तनवीर के नाम पर हुई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों एक मैसेजिंग ऐप के जरिए कुछ चीनी नागरिकों से संपर्क में थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘यह मामला तब प्रकाश में आया जब सिविल लाइंस इलाके के एक शिकायतकर्ता डिक्सन सिंह ने आरोप लगाया कि केरल जाने के लिए कम कीमत में हवाई टिकट बुक करने की कोशिश में उन्होंने 50,000 रुपये गंवा दिए।’

शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्हें रियायती टिकटों का एक ऑनलाइन विज्ञापन मिला और भुगतान लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें पैसे भेजने के लिए कहा गया।

अधिकारी ने बताया कि उत्तरी ज़िले के साइबर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच ​​के दौरान, पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता का पैसा अग्रवाल द्वारा संचालित यूटीएम टूरिज्म सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया गया था। अग्रवाल को 16 सितंबर को देहरादून के सहस्त्रधारा रोड इलाके से गिरफ्तार किया गया।

अग्रवाल ने खुलासा किया कि उसने अपना खाता तनवीर को दे दिया था, जो एक मैसेजिंग ऐप पर कुछ चीनी नागरिकों के संपर्क में था। पुलिस ने बताया कि तनवीर के कहने पर अग्रवाल ने 65,000 रुपये के बदले में अपने खाते का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी।

अधिकारी ने बताया कि तनवीर को देवबंद में 18 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान, उसने पुलिस को बताया कि वह मैसेजिंग ऐप के जरिए विदेशी संचालकों को बैंक खाते की जानकारी देता था और बदले में प्रति खाता 1 से 1.5 लाख रुपये लेता था।

अधिकारी ने आगे कहा, ‘सत्यापन से पता चला है कि विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की कम से कम 25 शिकायतें इस खाते से जुड़ी हैं।’

पुलिस ने आरोपी के पास से यूटीएम टूरिज्म सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम की एक चेकबुक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे जांच जारी है।

भाषा प्रचेता प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में