गौरव गोगोई की असम के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है : हिमंत
गौरव गोगोई की असम के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है : हिमंत
शिवसागर/उत्तर लखीमपुर (असम), 28 जनवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की राज्य के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है और विधानसभा चुनावों से पहले विपक्ष का किसी भी मुद्दे पर स्पष्ट रुख नहीं है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह (गोगोई) एक पर्यटक की तरह आते हैं। असम के प्रति उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। वह ग्रेटर असम बनाने की घोषणा करते रहे हैं। ग्रेटर असम बनाने की प्राथमिक शर्त क्या है?’’
जोरहाट से सांसद गोगोई लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता भी हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘उन्हें (गोगोई को) पहले अपने बच्चों को असमिया बनाना चाहिए। जब उनके खुद के बच्चे असमिया नहीं हैं, तो वह ग्रेटर असम की बात कैसे कर सकते हैं?’’
भाजपा नेता कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष की पत्नी और दो बच्चों की नागरिकता को लेकर निरंतर आलोचना करते रहे हैं। शर्मा का दावा है कि उनके परिवार के चार सदस्यों में से तीन ब्रिटिश नागरिक हैं।
शर्मा ने कहा, ‘‘गोगोई के ग्रेटर असम में कौन रहेगा? केवल मियां समुदाय के लोग ही रहेंगे। इसलिए इस व्यक्ति के बयानों पर किसी को ध्यान नहीं देना चाहिए और मुझे नहीं लगता कि हमें इस पर गंभीरता से चर्चा करना चाहिए।’’
‘मियां’ असम में बांग्ला भाषी मुसलमानों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक अपमानजनक शब्द है और गैर-बांग्ला भाषी लोग आमतौर पर उन्हें बांग्लादेशी प्रवासी मानते हैं।
असम विधानसभा चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है।
गोगोई द्वारा शर्मा को ‘‘हिंदू जिन्ना’’ कहे जाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिन्ना पाकिस्तान से हैं। वे पाकिस्तान की बातें क्यों लाते हैं? वे अन्य स्थानों के उदाहरण भी दे सकते थे। भारत में भी ऐसे लोग हैं। मैं पाकिस्तान के उदाहरण पर टिप्पणी नहीं कर सकता क्योंकि मैंने कभी उस देश का दौरा नहीं किया है।’’
शर्मा और उनकी पार्टी (भाजपा) गोगोई की पत्नी के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर उन पर प्रहार करते रहे हैं। उनका यह भी दावा है कि कांग्रेस नेता के पड़ोसी देश से तार जुड़े हुए हैं।
आगामी विधानसभा चुनावों के बारे में बात करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि विपक्ष या कांग्रेस का किसी भी मुद्दे पर कोई स्पष्ट रुख है। केवल एक समुदाय कांग्रेस का समर्थन करता है। मुझे नहीं लगता कि इस बार विपक्ष का कोई विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा।’’
शर्मा ने राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया और रायजोर दल के विधायक अखिल गोगोई की भी आलोचना की तथा कहा कि आगामी चुनावों में उनका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


