गाजीपुर की पीड़िता के परिवार से नेताओं को मिलने से रोकने वाले अफसरों पर मामला दर्ज हो : कांग्रेस

Ads

गाजीपुर की पीड़िता के परिवार से नेताओं को मिलने से रोकने वाले अफसरों पर मामला दर्ज हो : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 03:42 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक लड़की की कथित हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन ने वाराणसी में रोक दिया, जिसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।

पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि वह और पार्टी के कुछ अन्य नेता सोमवार को गाजीपुर जा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें वाराणसी हवाई अड्डे पर रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि गाजीपुर में 15 अप्रैल को 17 वर्षीय किशोरी का शव गंगा नदी में मिला था। परिजनों ने यौन उत्पीड़न एवं हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है।

गौतम ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी की हत्या हुई, जहां हमारा प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रहा था। प्रतिनिधिमंडल को रोकने के लिए जिला अधिकारी ने धारा 163 का हवाला दिया। जहां एक तरफ कानून कहता है कि पीड़ित की पहचान का खुलासा नहीं होना चाहिए, वहीं जिला अधिकारी अपने आदेश में खुद ही पीड़ित की पहचान का खुलासा करते दिखे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि पुलिस के उन अधिकारियों और जिला अधिकारी पर मामला दर्ज किया जाए, जिन्होंने हमारे मौलिक अधिकार का हनन किया, हमें कांग्रेस कार्यालय जाने से रोका और हमें गिरफ्तार कर कैदियों की वैन में थाने ले गए।’’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने राज्य में अपराध की कुछ हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरे प्रदेश में जाकर फ़िल्मी डायलॉग मारते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में महिला अपराध का आलम ये है कि हर साल करीब 65,000 मामले दर्ज होते हैं और हर महीने करीब 5,500 और प्रति घंटे 8 महिलाओं के साथ उत्पीड़न होता है।

लल्लू ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी भी आज वाराणसी में हैं। वह वहां महिलाओं के एक सम्मेलन में भी शामिल होंगे। ऐसे में सवाल है कि क्या वह गाजीपुर में उस पीड़ित परिवार से भी मिलने जाएंगे, जहां एक बेटी की हत्या कर दी गई?’’

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप