नई दिल्ली। विदेश यात्राओं के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुलाई 2017 से जून 2018 के बीच 12 लाख 57 हजार रुपए कीमत के 168 उपहार मिले। इन उपहारों में फाउंटेन पेन, सेलेंगर लिमिटेड एडिशन चांदी की पट्टिका, मो ब्लॉ की कलाई घड़ी, टी-सेट, चीनी मिट्टी के बर्तन, मंदिर व चैत्य की प्रतिकृतियां, विष्णु-लक्ष्मी व भगवान गणेश की प्रतिमा, पेंटिंग, कालीन, बुलेट ट्रेन का मॉडल, फोटोग्राफ और पुस्तकें आदि शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के तोषखाना विभाग के मुताबिक इस अवधि में प्रधानमंत्री ने इस्राइल, जर्मनी, चीन, जार्डन, फिलिस्तीन, यूएई, रूस, ओमान, स्वीडन, ब्रिटेन, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर समेत 20 देशों की यात्राएं की। पीएम मोदी को मिले तोहफे में सबसे कीमती उपहार रॉयल सेलेंगर लिमिटेड एडिशन चांदी की पट्टिका है। इसकी कीमत दो लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़ें : करुणानिधि के निधन के बाद डीएमके पर कब्जे की लड़ाई तेज, स्टालिन ने भरा अध्यक्ष पद के लिए पर्चा
बताया गया कि प्रधानमंत्री को मिले उपहारों में मो ब्लॉ की कलाई घड़ी भी शामिल है। इसकी कीमत एक लाख 10 हजार रुपये है। साथ ही, उन्हें मॉट ब्लैंक की एक जोड़ी कलम भी उपहार में मिली इसकी कीमत एक लाख 25 हजार रुपए बताई गई। विदेश यात्रा के दौरान पीएम मोदी को मस्जिद की प्रतिकृति भी मिली, जिसकी कीमत 50 हजार रुपए है।
विदेश यात्रा के दौरान उन्हें एक खंजर भी उपहार के रूप में मिला। इसकी कीमत 20 हजार रुपये है। उनको दो बार म्यान सहित तलवारें भी तोहफे में मिली हैं। मोदी को पिछले एक वर्ष में विदेश यात्रा के दौरान महाभारत की प्रति, योग मैट (चटाई), चांदी की कटोरी, मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति, एशियाई खेल-2018 के शुभंकर से जुड़ा खिलौना, अमृत कलश, धातु का ट्रे, लकड़ी का बना श्रीलंकाई हाथी, क्रिस्टल का कटोरा, चीन की प्राचीन चाइम घंटी की प्रतिकृति, शॉल, गरूड़ विष्णु की धातु निर्मित मूर्ति, कंबल, मफलर, कार्डिगन जैसे उपहार मिले।
यह भी पढ़ें : जेल में बंद नदीम को राखी बांधने पहुंची शारदा, वीडियो देख जानिए वजह
बता दें कि विदेशी अभिदाय विनियमन अधिनियम-2010 के अनुसार जब किसी भारतीय प्रतिनिधिमंडल के किसी सदस्य को दान या भेंट के माध्यम से विदेशी संपत्ति प्राप्त होती है, तो उसे ऐसे दान या भेंट मिलने के तीन दिन के भीतर संबंधित मंत्रालय या विभाग को देनी होती है। मूल्य अगर 5 हजार रुपये से अधिक होता है, तो ऐसे दान या भेंट को बाजार मूल्य के निर्धारण के लिए विदेश मंत्रालय के तोषखाना में भेजा जाता है. बाजार मूल्य पांच हजार रुपये से कम होने की स्थिति में वह संबंधित व्यक्ति को वापस दे दिया जाता है।
वेब डेस्क, IBC24