‘फोन कॉल’ करने के ल‍िए खुद का मोबाइल अनजान व्यक्ति को देना भारी पड़ सकता है: पुलिस

Ads

‘फोन कॉल’ करने के ल‍िए खुद का मोबाइल अनजान व्यक्ति को देना भारी पड़ सकता है: पुलिस

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 03:22 PM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 03:22 PM IST

जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) ‘जरूरी फोन कॉल’ के लिए किसी अनजान व्यक्ति को खुद का मोबाइल दिया जाना मोबाइल धारक व्यक्ति पर भारी पड़ सकता है। राजस्थान पुलिस ने इसको लेकर लोगों को आगाह किया है।

उपमहानिरीक्षक (साइबर अपराध) शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति को ‘एक जरूरी फोन कॉल’ करने के लिए खुद का मोबाइल फोन देते समय सावधान बरतें।

उन्होंने आगाह किया कि यह छोटी सी मदद लोगों को बड़ी साइबर ठगी का शिकार बना सकती है।

सिंह ने बताया कि बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, पार्क और पर्यटन स्थलों पर साइबर ठग ‘एक जरूरी कॉल’ का बहाना बनाकर लोगों से मोबाइल मांगते हैं। जैसे ही फोन उनके हाथ में आता है वे कुछ ही सेकंड में ऐसी धांधली करते हैं कि मोबाइल धारक व्यक्ति के बैंक खाते तक खाली हो सकते हैं और उन्हें पता भी नहीं चलता।

उन्होंने बताया कि यह खतरनाक तरीका ‘कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम’ है। ठग आपके मोबाइल से एक कोड डायल कर देते हैं जिससे आपके फोन पर आने वाले ‘ओटीपी’ सीधे उनके नंबर पर जाने लगते हैं। इसके बाद वे आराम से आपके बैंक अकाउंट, व्हाट्सएप या सोशल मीडिया का ‘एक्सेस’ हासिल कर लेते हैं।

इसके अलावा कई बार ठग आपके फोन में चुपचाप स्पाइवेयर या ‘की-लॉगर’ इंस्टॉल कर देते हैं जो आपकी हर गतिविधि पर नजर रखता है। इससे पासवर्ड, बैंक डिटेल, निजी चैट सब कुछ उनके पास पहुंचता रहता है।

इतना ही नहीं ये ठग लोगों के संपर्क नंबर (कांटेक्ट) चुराकर उनके रिश्तेदारों को ‘इमरजेंसी’ का झांसा देकर पैसे भी ऐंठ सकते हैं।

कुमार ने लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि अगर कोई ऐसी मदद मांगता है तो समझदारी के साथ इंसानियत जरूर दिखाएं। ऐसी स्थिति में अपना मोबाइल फोन अपने हाथ में रखें, खुद नंबर डायल करें और स्पीकर पर बात कराएं।

उन्होंने लोगों से कहा है कि वे कभी भी अपना ‘अनलॉक’ फोन किसी अनजान को न दें।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष