पणजी, नौ जुलाई (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के मौके पर संगठन के सदस्यों, कार्यकर्ताओं और पूर्व सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
सावंत ने युवाओं में नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने में संगठन की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दशकों से एबीवीपी छात्रों में नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में एक मजबूत ताकत रही है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के छात्र संगठन एबीवीपी ने राष्ट्र निर्माण, शिक्षा के विकास और युवाओं को सशक्त बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के जरिए युवाओं को समाज के लिए सार्थक योगदान देने की प्रेरणा दी है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि एबीवीपी ऐसे ही युवाओं में सेवा, अनुशासन और ईमानदारी के मूल्यों को बढ़ावा देती रहेगी और ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में योगदान देगी, जो भारत को अधिक उज्ज्वल और विकसित भविष्य की ओर ले जाएं।
युवावस्था में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे सावंत ने कहा, ‘एबीवीपी के स्थापना दिवस पर उसके सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं और पूर्व सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं।’
भाषा तान्या रंजन
रंजन