‘उत्कल गौरव’ मधुसूदन दास को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि दी

Ads

'उत्कल गौरव' मधुसूदन दास को राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि दी

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 06:39 PM IST

भुवनेश्वर, 28 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ‘उत्कल गौरव’ मधुसूदन दास की 178वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ”उत्कल गौरव’ मधुसूदन दास को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका दृढ़ संकल्प, स्वाभिमान और सेवा भावना सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।’

वहीं, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने औद्योगिक विकास के क्षेत्र में मधुसूदन दास के योगदान को याद करते हुए उन्हें ओडिया अस्मिता का ‘अविस्मरणीय नायक’ बताया।

समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने लोक भवन चौक पर स्थित मधुसूदन दास की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मधुसूदन दास ‘मधु बाबू’ के नाम से लोकप्रिय थे और वह ओडिशा के पहले ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से एमए की डिग्री प्राप्त की थी। इसके अलावा वह राज्य के पहले व्यक्ति थे जो विधान परिषद और संसद के सदस्य बने।

ओडिशा सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, मधुसूदन दास उत्कल सम्मिलनी के संस्थापक और ओडिया आंदोलन के सूत्रधार थे।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “मधु बाबू ओडिया गौरव और पहचान के अविस्मरणीय महान नायक हैं। मधु बाबू की पिछली जयंती पर, मुझे उनके जन्मस्थान सत्यभामापुर जाने और उनकी स्मृतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।”

विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मधुसूदन दास को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा, “एक अलग ओडिशा प्रांत के गठन और आधुनिक ओडिशा के निर्माण में उनका अद्वितीय योगदान अतुलनीय है।’

उन्होंने लिखा, ‘राज्य में औद्योगिक विकास की शुरुआत करने से लेकर भाषा के संरक्षण और संवर्धन में उनके समर्पित प्रयास सदा प्रेरणादायक बने रहेंगे।”

उत्कल सम्मिलनी सहित कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों और कांग्रेस, बीजद और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) जैसी राजनीतिक दलों ने भी इस अवसर पर अलग-अलग बैठकें आयोजित कीं।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश