ब्रिटेन : संदिग्ध आतंकवादी पर तीन लोगों की हत्या के प्रयास का आरोप

Ads

ब्रिटेन : संदिग्ध आतंकवादी पर तीन लोगों की हत्या के प्रयास का आरोप

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 09:28 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, एक मई (भाषा) सोमालिया में जन्मे 45 वर्षीय उस ब्रिटिश व्यक्ति को शुक्रवार को ब्रिटेन की एक अदालत में पेश किया गया, जिसे उत्तर लंदन में दो यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

लंदन पुलिस ने हमले को औपचारिक रूप से आतंकवादी घटना करार दिया था। पुलिस के मुताबिक, ईसा सुलेमान पर दो यहूदी पुरुषों सहित तीन लोगों की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। इसने बताया कि सुलेमान पर सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार रखने का आरोप भी लगाया गया है।

पुलिस के अनुसार, लंदन स्थित ओल्ड बेली अदालत ने सुलेमान को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आतंकवाद रोधी पुलिस (सीटीपी) के नेतृत्व में की जा रही जांच में पता चला है कि सुलेमान ने बुधवार को गोल्डर्स ग्रीन इलाके में दो यहूदी पुरुषों को निशाना बनाने से कुछ समय पहले दक्षिण-पूर्वी लंदन में एक अलग घटना में एक अन्य व्यक्ति पर हमला किया था।

सीटीपी प्रमुख हेलेन फ्लैनेगन ने कहा, “हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं। अधिकारी लगातार उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।”

गोल्डर्स ग्रीन के हाईफील्ड एवेन्यू में चाकू हमले के शिकार 76 और 34 साल के दो यहूदी पुरुषों को अस्पताल ले जाया गया। 34 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 76 वर्षीय व्यक्ति अब भी भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

लंदन पुलिस ने कहा, “इस मामले की जांच कर रहे जांचकर्ताओं को 29 अप्रैल को दक्षिण-पूर्वी लंदन में हुई वारदात के बारे में भी सूचित किया गया। माना जा रहा है कि इस वारदात का संदिग्ध वही व्यक्ति है, जिसने गोल्डर्स ग्रीन में दो यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमला किया था।”

अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, सुलेमान उस आश्रय गृह में रह रहा था, जो एक मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल में इलाज के बाद बाहर आने वाले लोगों के लिए बनाया गया है।

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल