नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को ‘‘अनुचित मुनाफा’’ कमाने का मौका दे रही है और ईंधन की कीमतों में कमी की जानी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार को पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर करनी चाहिए।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की प्रति बैरल कीमत घटी है, लेकिन भारत में इस वर्ष मई से पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है। मेरी मांग है कि पेट्रोल का दाम घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर किया जाए और डीजल की कीमत भी कम की जाए।’’
उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटाई जाती हैं तो महंगाई भी कम होगी।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘2014 से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कम-से-कम छह बार गिरावट आई, लेकिन सरकार ने देश में पेट्रोल के दाम नहीं घटाए। उन वर्षों में कमाए गए ‘बंपर मुनाफे’ का क्या किया गया? कंपनियों को अनुचित मुनाफा नहीं कमाने देना चाहिए, लेकिन मौजूदा ऊंची कीमतों के कारण यही हो रहा है।’’
भाषा अमित अविनाश
अविनाश