गुजरात सरकार ने शेरों के संरक्षण के लिए कदम उठाए, चुनौतियों से संवेदनशीलता से निपटी: केंद्रीय मंत्री

Ads

गुजरात सरकार ने शेरों के संरक्षण के लिए कदम उठाए, चुनौतियों से संवेदनशीलता से निपटी: केंद्रीय मंत्री

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 07:43 PM IST

गांधीनगर, 19 जून (भाषा) केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात सरकार ने एशियाई शेरों के संरक्षण के लिए कदम उठाए हैं और उनकी सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ किया है।

यादव की यह टिप्पणी मई में गुजरात के गिर वन क्षेत्र में एशियाई शेर के आठ शावकों की मौत की पृष्ठभूमि में आई है।

गांधीनगर में ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ से इतर बोलते हुए यादव ने कहा कि वह शेरों के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर गुजरात के वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के लगातार संपर्क में हैं।

यादव ने कहा, “मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि गुजरात सरकार शेरों के संरक्षण के लिए अच्छा काम कर रही है और बीमारियों समेत सभी चुनौतियों से संवेदनशीलता के साथ निपटा जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “मैं (गुजरात के) वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के संपर्क में हूं, वह स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। मैंने हाल में गिर का दौरा भी किया। (शेर शावकों की मौत के) स्थानीय कारणों का भी पता लगाया जा रहा है और स्थिति पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है।”

मई में गिर वन क्षेत्र में शेर के आठ शावकों की मौत हो गई थी। शुरू में माना जा रहा था कि इन सभी की मौत ‘बेबेसिया’ संक्रमण (टिक से फैलने वाला संक्रमण) की वजह से हुई है। लेकिन इस महीने की शुरुआत में मोढवाडिया ने बताया कि असल में इन शावकों की मौत गर्मी, कमजोरी और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता की वजह से हुई थी।

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश