पाटन, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात के पाटन शहर में स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान रविवार को मतदान करने के बाद एक बुजुर्ग महिला की कथित रूप से दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी हिरेन चौहान ने बताया कि मतदाता कमला सोलंकी (68) की सुबह बी एम हाई स्कूल में स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद मृत्यु हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना था।
मृतक कमला सोलंकी पाटन के मायानगर सोसाइटी की निवासी थीं।
उनके पुत्र जयेश सोलंकी ने बताया कि मतदान केंद्र के भीतर उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़ीं।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक कर्मचारियों और अन्य मतदाताओं ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें इलाज के लिए एक ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल ले जाया गया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक हिमांशु पटेल ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था और प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा पड़ना माना गया।
गुजरात में रविवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ, जिसमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन