नई दिल्लीः LPG Crisis In india: केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है, एलपीजी उत्पादन में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और सरकार की प्राथमिकता है कि देश में करोड़ों परिवारों की रसोई में खाना पकाने के लिए गैस की कमी नहीं रहे। ईरान और अमेरिका-इजराइल के युद्ध के कारण देश में होर्मुज जलडमरुमध्य में बने प्रतिकूल हालात का जिक्र करते हुए पुरी ने लोकसभा में कहा कि पश्चिम एशिया के संघर्ष में कोई भूमिका नहीं होने के बावजूद भारत को इसके परिणामों से पार पाना होगा।
LPG Crisis In india: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद पुरी ने कहा, ‘‘दुनिया ने ऐसा संकट ऊर्जा के इतिहास में कभी नहीं देखा। होर्मुज जलडमरूमध्य से 20 प्रतिशत कच्चे तेल की आपूर्ति होती है। इतिहास में पहली बार वाणिज्यिक पोत परिवहन के लिए होर्मुज को प्रभावी रूप से बंद कर दिया गया है।’’ उन्होंने देश में सामने आ रही एलपीजी सिलेंडर की कमी से निपटने के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘पिछले पांच दिन में एलपीजी उत्पादन 28 प्रतिशत बढ़ा है। मोदी सरकार की प्राथमिकता है कि भारत के 33 करोड़ परिवारों, गरीबों की रसोई को (एलपीजी की) किसी कमी का सामना नहीं करना पड़े।’’
पुरी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि एक पड़ोसी देश ने सारे स्कूल बंद कर दिए हैं, घर से काम करने के नियम जारी किए हैं और सड़कों पर सरकारी वाहनों की संख्या आधी कर दी है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। 45 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज से आता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उत्कृष्ट कूटनीतिक पहुंच के कारण भारत ने इस अवधि में जो कच्चा तेल प्राप्त किया, वह उससे अधिक है जिसकी संकटग्रस्त होर्मुज से ऐसे समय में आपूर्ति हो सकती थी।’’ पुरी ने कहा, ‘‘देश में रिफाइनरी उच्च क्षमता के साथ काम कर रही हैं। कुछ तो शत-प्रतिशत से अधिक काम कर रही हैं। देश में पेट्राल, डीजल, एटीएफ, केरोसिन की कमी नहीं है। खुदरा विक्रेता सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह अफवाहें फैलाने और झूठे विमर्श पैदा करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में स्कूल खुले हुए हैं और पेट्रोल-डीजल सामान्य तरीके से मिल रहा है।
Despite the current geopolitical situation involving major energy producers, our energy imports are secure and continue to flow from different sources using non-Hormuz routes.
We are comfortably placed and are able to meet the energy requirements of our citizens.
There is no… pic.twitter.com/rr2YTIXBMB
— Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) March 12, 2026