हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के लिए 750 करोड़ रुपये मंजूर किए

Ads

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के लिए 750 करोड़ रुपये मंजूर किए

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 05:11 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 05:11 PM IST

चंडीगढ़, 26 मई (भाषा) हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस विभाग के लिए 750 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जो अगले दो वर्षों में बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किए जाएंगे।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल में पुलिस विभाग की विस्तृत समीक्षा की और अगले पांच वर्षों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए। इसके साथ ही ‘‘विजन 2047’’ के तहत क्या लक्ष्य होने चाहिए, इस पर भी चर्चा हुई।

पंचकूला में पुलिस महानिदेशक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने हमें दिशानिर्देश और मार्गदर्शन दिया। 11 मई को उन्होंने पुलिस विभाग की विस्तृत समीक्षा की और हर पहलू पर जानकारी ली।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 750 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जो अगले दो वर्षों में बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच से छह वर्षों में स्वीकृत की गई यह सबसे अधिक राशि है जिसे नए थाने, पुलिस लाइन, पुलिस चौकियां, भवन, कार्यालय और आवास जैसे बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में राज्य में अपराध की समीक्षा के लिए एक बैठक भी हुई।

उन्होंने बताया कि हाल में हुए सभी बड़े अपराधों को सुलझा लिया गया है।

सिंघल ने यह भी बताया कि नारनौल में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख राव नरेंद्र सिंह के घर में घुसने की कोशिश करने वाले चोरों को बाद में पकड़ लिया गया।

ज्ञात हो कि कुछ नकाबपोश लोगों ने हाल में नारनौल में राव नरेंद्र सिंह के पैतृक घर में घुसने की कोशिश की थी, लेकिन शोर सुनकर कुछ कर्मचारी जाग गए और पुलिस को सूचित किया जिसके बाद नकाबपोश वहां से भाग गए।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के घर में घुसने की कोशिश करने वाले चोरों को पकड़ लिया गया है। उनके गिरोह के सात सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अभी फरार हैं।

भाषा

खारी मनीषा

मनीषा