हरियाणा के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर बंदूक की संस्कृति का महिमामंडन करने को लेकर चेतावनी दी

Ads

हरियाणा के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर बंदूक की संस्कृति का महिमामंडन करने को लेकर चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 04:14 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 04:14 PM IST

चंडीगढ़, 11 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बंदूक संस्कृति और आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री को बढ़ावा देने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि एक जनवरी से 10 अप्रैल के बीच कुल 6,083आपत्तिजनक, भ्रामक और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले यूआरएल/सामग्री/ऐप्स/वेबसाइटों को हटाया गया।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक 4,278 सामग्री मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप) से, 1172 सामग्री यूट्यूब से, 372 एक्स से, 167 अन्य मंचों से, 53 टेलीग्राम से, 36 रेडिट से और पांच स्नैपचैट से हटाए गए।

सिंघल ने कहा कि हथियारों का महिमामंडन करने वाली, हिंसा को बढ़ावा देने वाली, महिलाओं से संबंधित अश्लीलता प्रदर्शित करने वाली, बच्चों और लड़कियों को अभद्र और आपत्तिजनक तरीके से चित्रित करने वाली तथा हरियाणा व उसके लोगों की नकारात्मक छवि प्रस्तुत करने वाली फर्जी सामग्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल सामाजिक मूल्यों को ठेस पहुंचाती हैं बल्कि राज्य में शांति और सद्भाव को भी प्रभावित करती हैं।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं और राज्य सरकार सकारात्मक सामाजिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस तरह की असामाजिक और भ्रामक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

सिंघल ने कहा कि हरियाणा के लोग स्वभाव से शांतिप्रिय, मेहनती हैं और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में योगदान दें।

पुलिस महानिदेशक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई भी प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से अशांति पैदा करने, भ्रामक सूचना फैलाने या सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा धीरज रंजन

रंजन