चंडीगढ़, तीन अप्रैल (भाषा) हरियाणा सरकार ने राज्य के स्कूली छात्रों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत 747 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राज्य स्तरीय कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पीएम पोषण योजना के तहत 747 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
बयान के अनुसार इसमें केंद्र के हिस्से के तौर पर 222 करोड़ रुपये और राज्य के हिस्से के रूप में 525 करोड़ रुपये शामिल हैं।
बैठक में कार्यक्रम के वर्तमान क्रियान्वयन की स्थिति, वित्तीय प्रदर्शन और आने वाले वर्ष की रूपरेखा की समीक्षा की गई।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनिता मलिक ने बैठक में बताया कि इस योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-2027 में प्री-स्कूल से लेकर उच्च प्राथमिक स्तर तक के 14.8 लाख से अधिक बच्चों को लाभान्वित करने का प्रस्ताव है।
भाषा जोहेब वैभव
वैभव