हरियाणा पंचायत चुनाव : अपराह्न दो बजे तक तकरीबन 50 फीसदी मतदान

Ads

हरियाणा पंचायत चुनाव : अपराह्न दो बजे तक तकरीबन 50 फीसदी मतदान

  •  
  • Publish Date - November 12, 2022 / 05:13 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:26 PM IST

चंडीगढ़, 12 नवंबर (भाषा) हरियाणा के नौ जिलों में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में शनिवार को अपराह्न दो बजे तक करीब 50 फीसदी मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत जिलों के 57 प्रखंडों में 2,683 सरपंचों और 25,655 पंचों के पद के लिए चुनाव हो रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक चलेगा। अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिये 48,67,132 पंजीकृत मतदाता हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न दो बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अंबाला में 49.9 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि चरखी दादरी में 53.7, गुरुग्राम में 53.2, करनाल में 51.4, कुरुक्षेत्र में 55.1, रेवाड़ी में 47.2, रोहतक में 44, सिरसा में 53.1 और सोनीपत में 45.7 प्रतिशत मतदान हुआ है।

इन जिलों में 5,963 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 976 संवेदनशील और 1,023 अति संवेदनशील हैं। इन नौ जिलों के जिला परिषद एवं पंचायत समिति के लिए दूसरे चरण का मतदान नौ नवंबर को हुआ था।

पहले चरण में भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था और दो नवंबर को सरपंचों एवं पंचों को चुनने के लिए मतदान हुआ था।

शेष जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के सदस्यों को चुनने के लिए तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 22 नवंबर को और ग्राम पंचायतों के सरपंचों और पंचों के पद के लिए 25 नवंबर को चुनाव होगा।

प्रत्येक चरण में मतदान के अंत में सरपंच और पंच के चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे, वहीं जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव के परिणाम 27 नवंबर को तीनों चरणों के मतदान के पूरा होने के बाद घोषित किए जाएंगे।

भाषा अर्पणा दिलीप

दिलीप