राजस्थान में अनेक जगह ‘ऊष्ण लहर’ चलने की चेतावनी
राजस्थान में अनेक जगह 'ऊष्ण लहर' चलने की चेतावनी
जयपुर, 21 अप्रैल (भाषा) राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है और अनेक जगह अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से अनेक जगह ऊष्ण लहर चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान कोटा में 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर सहित अनेक जगह अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।
केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन तक राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। 23 अप्रैल से राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर व धौलपुर सहित कई जिलों में ऊष्ण लहर (हीट वेव) चलने का ‘येलो अलर्ट’ है।
राज्य में पड़ रही तेज गर्मी से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। दोपहर में सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छा जाता है और लोग जरूरी काम के लिए ही बाहर निकलते हैं।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा

Facebook


