कोलकाता, 20 सितंबर (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 22 से 25 सितंबर के बीच भारी बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने और समुद्र की स्थिति खराब रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने मछुआरों को 21 और 22 सितंबर को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में बारिश की तीव्रता अधिक रह सकती है और इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों में भी 25 सितंबर तक एक-दो स्थानों पर बादल गरजने, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जैसे उप-हिमालयी जिलों में 23 से 25 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर बंगाल के उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में भी इस अवधि के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप