गुजरात के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश, सूरत, खेड़ा और आणंद सबसे अधिक प्रभावित

Ads

गुजरात के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश, सूरत, खेड़ा और आणंद सबसे अधिक प्रभावित

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 07:52 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 07:52 PM IST

अहमदाबाद, 31 जुलाई (भाषा) गुजरात के मध्य और दक्षिण भागों के कई ज़िलों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई तथा सबसे ज़्यादा प्रभावित सूरत में 1,500 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के बाद, 13 ज़िलों में बहुत ज़्यादा बारिश को लेकर ‘रेड अलर्ट’ और सात ज़िलों में भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

राज्य के राहत आयुक्त गौरव मकवाना ने एक बयान में कहा, ‘‘नर्मदा, आणंद, खेड़ा, छोटा उदेपुर, वडोदरा और सूरत समेत कई जिलों में अच्छी-खासी बारिश हुई है तथा स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।’’

राज्य आपात अभियान केंद्र के डेटा के अनुसार, शुक्रवार को सुबह छह बजे से अपराह्न दो बजे तक सूरत, खेड़ा, आणंद, भरूच और नर्मदा के कई तालुकों में 150 मिलीमीटर (मिमी) ज़्यादा बारिश हुई।

सूरत सबसे ज़्यादा प्रभावित जिला है, जहां इस दौरान उमरपाड़ा तालुका में 247 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सूरत के निगम आयुक्त एम. नागराजन ने कहा, ‘‘शुक्रवार को रेड अलर्ट के बीच, निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 1,500 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और भारतीय सेना की टीम तैयार रखी गयी हैं।’’

खेड़ा ज़िले के नाडियाड में शुक्रवार को अपराह्न दो बजे तक आठ घंटों में 191 मिमी बारिश हुई, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। ज़िले के वासो इलाके में 177 मिमी बारिश हुई।

नाडियाड में लोग घुटने तक भरे पानी में चलते हुए दिखे।

आणंद ज़िले के बोरसद में सुबह छह बजे से अपराह्न दो बजे तक 170 मिमी बारिश हुई। खंभात में 165 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आठ घंटे में भरूच जिले के नेतरंग में 155 मिमी बारिश हुई, जबकि आणंद जिले के पेटलाड और नर्मदा जिले के सागबारा में 152 मिमी बारिश हुई।

इस अवधि के दौरान तापी जिले के डोलवन में 149 मिमी बारिश हुई। सूरत के अंबिका में 146 मिमी, नर्मदा के गरुड़ेश्वर में 144 मिमी, सूरत के अरेथ में 138 मिमी और डांग के सुबीर में 137 मिमी वर्षा हुई।

शुक्रवार दोपहर से रेड अलर्ट के बीच अहमदाबाद के कई इलाकों में भी बारिश हुई।

राहत आयुक्त मकवाना ने बताया कि गुजरात में बारिश से प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की 17 और एसडीआरएफ की 33 टीम तैनात की गई हैं।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप