नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी के जे फोर्जिंग्स लिमिटेड और बिजली बुनियादी ढांचा इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) कंपनी पोलाइट पावरटेक लिमिटेड को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के जरिए पूंजी जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शुक्रवार बताया कि प्रक्रिया के तहत नियामक कंपनियों के मसौदा दस्तावेजों पर अपनी टिप्पणियां जारी करता है, जिसे कंपनियों के सार्वजनिक निर्गम आगे बढ़ाने की अनुमति के रूप में देखा जाता है।
दोनों कंपनियों ने मार्च और अप्रैल के बीच अपने मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे और उन्हें 28 से 31 जुलाई के बीच सेबी की टिप्पणियां प्राप्त हुईं।
सेबी की भाषा में टिप्पणियां जारी होने का अर्थ आईपीओ लाने को मंजूरी माना जाता है।
दस्तावेजों के मसौदे (डीआरएचपी) के अनुसार, के जे फोर्जिंग्स के प्रस्तावित आईपीओ में 300 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि प्रवर्तक 60 करोड़ रुपये तक के शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिए पेश करेंगे। इस तरह कुल निर्गम का आकार करीब 360 करोड़ रुपये होगा।
लुधियाना स्थित कंपनी आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल नयी फोर्जिंग और मशीनिकरण सुविधा स्थापित करने, सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने, कर्ज चुकाने और सामान्य कंपनी जरूरतों के लिए करेगी।
वहीं, पोलाइट पावरटेक के आईपीओ के तहत एक करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारक 25 लाख तक शेयरों की बिक्री ओएफएस के जरिए करेंगे।
कंपनी नए शेयरों से जुटाई गई राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए करेगी।
दोनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे। भाषा यासिर रमण
रमण