नीट-यूजी की पुन:परीक्षा को लेकर प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक

Ads

नीट-यूजी की पुन:परीक्षा को लेकर प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 08:48 AM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 08:48 AM IST

नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट यूजी) परीक्षा पुन: आयोजित कराने की तैयारियों की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम आयोजित बैठक में मेडिकल प्रवेश परीक्षा के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (स्कूल शिक्षा) संजय कुमार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष राहुल सिंह और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) एवं नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के आयुक्तों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

यह बैठक एनटीए द्वारा मंगलवार को परीक्षा रद्द किए जाने की घोषणा के बाद की गई। नीट (यूजी) परीक्षा तीन मई को हुई थी और इसमें अनियमितताओं के आरोप लगे थे। परीक्षा रद्द होने से 22 लाख से अधिक मेडिकल उम्मीदवारों में अनिश्चितता का माहौल है।

परीक्षा की नयी तिथियों की घोषणा अब तक नहीं की गई है। हालांकि, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा था कि रद्द की गई नीट-यूजी 2026 की पुन: परीक्षा का कार्यक्रम अगले सात से दस दिनों के भीतर घोषित कर दिया जाएगा।

केंन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को नीट-यूजी परीक्षा लीक मामले में पांच लोगों को हिरासत में ले लिया तथा दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सीबीआई राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) से जुड़े किसी भी व्यक्ति की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना