हिमाचल प्रदेश: ऊना में सैन्य सम्मान के साथ किया गया हवालदार सिंह का अंतिम संस्कार

Ads

हिमाचल प्रदेश: ऊना में सैन्य सम्मान के साथ किया गया हवालदार सिंह का अंतिम संस्कार

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 06:46 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 06:46 PM IST

ऊना (हिप्र), 30 जून (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सेना के हवलदार विशंभर सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में ऊना जिले के उनके पैतृक गांव मलंगड़ मियां में सैन्य सम्मान के साथ किया गया।

श्मशान घाट पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में सिंह के 11 वर्षीय बेटे अक्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के निवासी हवलदार विशंभर सिंह सोमवार को शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) सत्र में भाग लेने के बाद जब साइकिल से देहरादून स्थित अपनी यूनिट में लौट रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी सैनिक उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिंह जुलाई 2008 में भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में शामिल हुए थे।

मंगलवार सुबह जैसे ही हवलदार सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, वहां माहौल गमगीन हो गया। उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग एकत्र हुए। इस दौरान बंगाणा की उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सोनू गोयल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अजय ठाकुर, देहरादून से आए सैन्य अधिकारियों और पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हवलदार सिंह के परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बेटे हैं।

पांच साल पहले उनके छोटे भाई जसविंदर सिंह का भी निधन हो गया था। जसविंदर सिंह भी सेना में कार्यरत थे। उनके पिता रसीला राम भी सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार हैं।

भाषा सुमित धीरज

धीरज

शीर्ष 5 समाचार