‘वीर नारी’ श्रेणी में हिमाचल निवासी महिला एसएससी में अव्वल

Ads

‘वीर नारी’ श्रेणी में हिमाचल निवासी महिला एसएससी में अव्वल

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 09:51 PM IST

नूरपुर (हिमाचल प्रदेश), 18 अगस्त (भाषा) कश्मीर में एक सैन्य अभियान के दौरान पति की शहादत के बाद कल्पना धीमान ने ‘वीर नारी’ श्रेणी के तहत एसएससी (शॉर्ट सर्विस कमीशन-महिला) के गैर-तकनीकी कोर्स में अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। हिमाचल प्रदेश के कुटलेहड़ गांव की निवासी धीमान अपने पति की शहादत के एक साल बाद अब सेना में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

‘वीर नारी’ श्रेणी भारतीय सेना का एक विशेष कोटा है, जो देश के लिए शहीद हुए सैन्य कर्मियों की पत्नियों को सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के लिए उम्र और चयन प्रक्रिया में छूट प्रदान करता है।

कल्पना के पति मेजर अंकित धीमान राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और अप्रैल 2025 में कश्मीर में एक सैन्य अभियान के दौरान शहीद हो गए थे।

कल्पना ने कहा कि उनके पति ने उन्हें हमेशा सीमाओं से आगे बढ़कर जीवन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया था। उन्होंने कहा कि ससुर जानवेद कुमार के सहयोग ने उन्हें एसएसबी की तैयारी करने और यह उपलब्धि हासिल करने में मदद की।

इससे पहले कल्पना आर्मी स्कूलों में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। उनका सैन्य प्रशिक्षण अक्टूबर 2026 से शुरू होगा।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश