नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) बांग्लादेश उच्चायोग ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति बुधवार को संवेदना व्यक्त की।
इसने कहा कि हादसे में अब तक पांच बांग्लादेशी नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की गई है।
उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि घायल बांग्लादेशी नागरिकों में से तीन का इलाज साकेत के मैक्स अस्पताल जबकि शेष दो का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके की एक तंग गली में स्थित एक होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें वे विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनके बीमार रिश्तेदारों का पास के अस्पतालों में इलाज चल रहा था।
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित होटल ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में सुबह लगभग साढ़े आठ बजे आग लगी और देखते ही देखते फैल गई, जिससे लोग स्तब्ध रह गए। कई स्थानीय लोगों समेत बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।
उच्चायोग ने पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड की घटना पर उच्चायोग ने गहरी संवेदना व्यक्त की है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। अब तक पांच बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान घायलों के रूप में हुई है। तीन लोगों का इलाज साकेत के मैक्स और दो अन्य का इलाज सफदरजंग अस्पताल में किया जा रहा है। मिशन अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है।’’
उच्चायोग ने कहा, ‘‘हम सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। बांग्लादेश घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है और बचाव एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया कर्मियों के अथक प्रयासों की सराहना करता है।’’
भाषा
देवेंद्र अविनाश
अविनाश