हैदराबाद: मादक पदार्थ तस्कर ने पुलिसकर्मियों को कार से मारी टक्कर, तीन कर्मी घायल

Ads

हैदराबाद: मादक पदार्थ तस्कर ने पुलिसकर्मियों को कार से मारी टक्कर, तीन कर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 03:28 PM IST

हैदराबाद, 27 जुलाई (भाषा) हैदराबाद में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर ने मादक पदार्थ रोधी अभियान से बचने के प्रयास में एक निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को अपनी कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार की है और आरोपी को पीछा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर हैदराबाद ‘नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग’ की एक टीम ने अबिद्स इलाके में मादक पदार्थ तस्करी में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए अपनी कार से एक कांस्टेबल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कांस्टेबल के एक पैर में फ्रैक्चर हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया और जब पुलिसकर्मियों ने उसकी कार को अफजलगंज इलाके में घेरा गया, तो उसने फिर पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक अन्य कांस्टेबल और एक निरीक्षक को मामूली चोटें आईं। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

उन्होंने बताया कि अबिद्स और अफजलगंज थानों में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा खारी अमित

अमित