पंजाब में आईईडी बरामद, पुलिस का आतंकवादी साजिश नाकाम करने का दावा

Ads

पंजाब में आईईडी बरामद, पुलिस का आतंकवादी साजिश नाकाम करने का दावा

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 09:02 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 09:02 PM IST

चंडीगढ़, 16 अगस्त (भाषा) अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की आतंकवादी साजिश को नाकाम करने का रविवार को दावा करते हुए 690 ग्राम वजन का एक आईईडी और एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर बरामद किया।

यह बरामदगी शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात को की गई।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की आतंकवादी साजिश को नाकाम किया और 690 ग्राम वजन का एक आईईडी, एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का डिब्बा बरामद किया।”

उन्होंने कहा, “बरामदगी के बाद विस्फोटक सामग्री को स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने उसे निष्क्रिय कर दिया।”

उन्होंने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रविरोधी तत्वों के मंसूबों को विफल करके सार्वजनिक सुरक्षा के लिए पैदा हो सकने वाले खतरे को टाल दिया।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नाकेबंदी के लिए जांच चौकियां स्थापित की गई थीं और सरकारी प्रतिष्ठानों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।

उन्होंने बताया कि 15-16 अगस्त की दरम्यानी रात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कुलबीर सिंह गश्त कर रहे थे, तभी गगोमहल पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में काले रंग का मोम में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि जांच करने पर उसमें एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, एक बैटरी, टाइमर और लोहे का डिब्बा मिला।

चहल ने कहा कि मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और विस्फोटक सामग्री को वहीं सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया, जबकि अन्य सामान को कब्जे में ले लिया गया।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में रविवार को अमृतसर ग्रामीण के रामदास थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप