आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र यार्डी ने एआई में अनुसंधान के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि दी

आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र यार्डी ने एआई में अनुसंधान के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि दी

आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र यार्डी ने एआई में अनुसंधान के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि दी
Modified Date: March 19, 2026 / 08:06 pm IST
Published Date: March 19, 2026 8:06 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली को अपने पूर्व छात्र और यार्डी सिस्टम्स के बोर्ड चेयरमैन और संस्थापक अनंत यार्डी से 75 करोड़ रुपये का योगदान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में अनुसंधान के लिए मिला है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यार्डी (79) संस्थान के 1968 बैच के पूर्व छात्र हैं।

आईआईटी दिल्ली के एक बयान में कहा गया, ‘‘इस योगदान का एक बड़ा हिस्सा आईआईटी दिल्ली में यार्डी स्कूल ऑफ आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस के लिए रखा गया है। योगदान का कुछ हिस्सा आईआईटी दिल्ली के अवसरंचना नवीनीकरण और विस्तार कार्यक्रम में लगाया जाएगा। यह एक रणनीतिक पहल है जिसका मकसद परिसर के अनुभव को बेहतर बनाना और भविष्य के विकास में मदद करना है।’’

सितंबर 2020 में स्थापित, यार्डी स्कूल ऑफ एआई, मशीन लर्निंग और डेटा विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षा और अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है।

यार्डी ने कहा, ‘‘मैं आईआईटी दिल्ली का दिल से आभारी हूं कि उसने मुझे शिक्षा की इतनी मज़बूत नींव दी, जिसने मुझे ज़िंदगी की चुनौतियों का सामना करने और मेरे सामने आए कई मौकों का फ़ायदा उठाने के लिए सक्षम बनाया।’’

भाषा वैभव पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में