जम्मू, 22 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को छात्रों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में आजीवन सीखते रहने, रचनात्मकता, सहानुभूति और मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने जम्मू विश्वविद्यालय में खेल परिसर, निशानेबाजी केंद्र और अतिथि गृह समेत अन्य नयी सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।
उपराज्यपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एआई के दौर में मैंने छात्रों से आजीवन सीखने, रचनात्मकता, सहानुभूति और मूल्यों को अपनाने का आग्रह किया। प्रौद्योगिकी को मानवता का सेवक बने रहना चाहिए, कभी उसका स्वामी नहीं।”
उन्होंने विश्वविद्यालय में नयी सुविधाओं के बारे में बात करते हुए कहा, “मेरा मानना है कि ये सुविधाएं छात्रों को खेल के क्षेत्र में सशक्त बनाएंगी तथा विश्वविद्यालय की आतिथ्य सुविधाओं को मजबूत करेंगी।”
भाषा तान्या जोहेब
जोहेब