तिरुवनंतपुरम, 19 अगस्त (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने बुधवार को केरल, दक्षिण तमिलनाडु और लक्षद्वीप द्वीपसमूह के लिए 19-20 अगस्त को ऊंची समुद्री लहरों के उठने की चेतावनी जारी की और कहा कि इससे निचले तटीय इलाकों में जलभराव हो सकता है। एजेंसी ने मछुआरों और तट के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
आईएनसीओआईएस ने एक बयान में कहा कि दक्षिणी हिंद महासागर से उठी ऊंची समुद्री लहरें दक्षिण तमिलनाडु और केरल के तटों तक पहुंच गई हैं और तटीय क्षेत्र में उनका प्रभाव 20 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
इसके परिणामस्वरूप, 19 अगस्त की शाम से 20 अगस्त की शाम तक केरल, दक्षिण तमिलनाडु और लक्षद्वीप के निचले तटीय इलाकों में ऊंची लहरों के उठने से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
बयान में कहा गया, ‘‘चेतावनी वाले जिलों में मछुआरों और तटीय आबादी को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है क्योंकि समुद्र के किनारे या तटवर्ती क्षेत्र में, खासकर निचले इलाकों में, रुक-रुककर ऊंची-ऊंची लहरों के प्रचंड उफान की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।’’
इसमें कहा गया, ‘‘लोगों को सलाह दी जानी चाहिए कि छोटी नौकाएं तट के पास न चलाएं। टकराव और नुकसान से बचने के लिए नौकाओं को एक-दूसरे से उचित दूरी पर खड़ा किया जा सकता है।’’
भाषा राखी संतोष
संतोष