रेस्तरांओं में ‘कर चोरी’ पर अंकुश लगाने के लिए आयकर विभाग ने विभिन्न शहरों में सर्वे किया

Ads

रेस्तरांओं में ‘कर चोरी’ पर अंकुश लगाने के लिए आयकर विभाग ने विभिन्न शहरों में सर्वे किया

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 05:14 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 05:14 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) आयकर विभाग यह पता चलने के बाद कई शहरों में विभिन्न रेस्तरांओं का सत्यापन करने के लिए अभियान चला रहा है कि कुछ रेस्तराओं ने कर चोरी करने के लिए ‘बिलिंग सॉफ्टवेयर’ में हेरफेर करके कथित रूप से बिक्री को कम करके दिखाया। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि कर अधिकारी बिलिंग प्रणाली को समझने के लिए दिल्ली के लगभग पांच रेस्तरां समेत कई रेस्तरांओं का सर्वेक्षण (कार्यालय परिसर का दौरा) कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया कुछ दिन में समाप्त होने की उम्मीद है।

आयकर विभाग की हैदराबाद में स्थित जांच शाखा ने हाल ही में रेस्तरां बिलिंग सॉफ्टवेयर बनाने वाली एक स्थानीय कंपनी के परिसर का सर्वेक्षण किया, जिसमें पाया गया कि कुछ होटल और रेस्तरां कथित तौर पर सॉफ्टवेयर में हेरफेर करके अपनी आय को कम दिखा रहे थे।

अधिकारियों का अनुमान है कि अकेले हैदराबाद में स्थित रेस्तरांओं में करोड़ों रुपये की कर चोरी होने का संदेह है।

उन्होंने बताया कि कर चोरी की संभावित सीमा का आकलन करने के उद्देश्य से रविवार से कई शहरों में यह सर्वेक्षण और सत्यापन अभियान शुरू किया गया है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश