नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा किये गए संयुक्त हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण स्थिति के बीच भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और तनाव को बढ़ने से रोकने का शनिवार को आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
क्षेत्र में तेजी से बदलती स्थिति पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में, भारत ने कहा कि वह ईरान और खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम को लेकर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त करता है।
अमेरिका और इजराइल द्वारा किये गये हमले के बाद ईरान ने कतर, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समेत पश्चिम एशिया में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव को बढ़ने से रोकने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं।’’
इसने कहा, ‘‘तनाव कम करने और मूल मुद्दों को सुलझाने के लिए वार्ता और कूटनीति का सहारा लिया जाना चाहिए। सभी राज्यों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थित उसके मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्होंने उचित परामर्श जारी करते हुए उनसे सतर्क रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप