बेंगलुरु : अस्पताल परिसर की दीवार ढहने की घटना की जांच के लिए दो समितियों का गठन

Ads

बेंगलुरु : अस्पताल परिसर की दीवार ढहने की घटना की जांच के लिए दो समितियों का गठन

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 05:03 PM IST

बेंगलुरु, एक मई (भाषा) कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु स्थित बोरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल की चारदीवारी ढहने की घटना की जांच के लिए दो समितियों का गठन किया है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी।

दोनों समितियों से एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा गया है।

सरकारी आदेश के मुताबिक, बेंगलुरु शहरी जिले के उपायुक्त और येलहंका के तहसीलदार की सदस्यता वाली पहली समिति स्थानीय स्तर पर घटना की जांच करेगी, जबकि पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) अधिकारियों की पांच सदस्यीय दूसरी समिति तकनीकी जांच करेगी और इसकी अध्यक्षता पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता मोहन के करेंगे।

आदेश में कहा गया है, “29 अप्रैल को बेंगलुरु शहर में भारी बारिश के कारण बोरिंग अस्पताल की चारदीवारी अचानक गिर गई, जिसके चलते बारिश से बचने के लिए वहां खड़ी एक लड़की सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए दो समितियां गठित की हैं।”

आदेश के अनुसार, जांच समितियां संरचना के निर्माण के वर्ष और उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच करेंगी तथा त्रासदी के संभावित कारणों का पता लगाएंगी।

भाषा धीरज पारुल

पारुल