बार्सिलोना, एक मई (एपी) ‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ के बैनर तले मदद लेकर गाजा की ओर बढ़ रहे नौकाओं के बेड़े का नेतृत्व करने वाले दो कार्यकर्ताओं को भूमध्य सागर के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हिरासत में लेकर, उन्हें पूछताछ के लिए इजराइल लाया जा रहा है। इजराइली अधिकारियों ने यह शुक्रवार को यह जानकारी दी।
फलस्तीनी मूल की स्पेनिश नागरिक सैफ अबुकेशेक और ब्राजील के नागरिक थियागो अविला सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को इजराइली नौसेना ने क्रीट के तट पर रोक लिया था।
हिरासत में लिये गए कार्यकर्ता ‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ की संचालन समिति के सदस्य हैं। इसका उद्देश्य इजराइल की नौसेना नाकेबंदी को तोड़ना और फलस्तीनी क्षेत्र में मानवीय सहायता पहुंचाना है।
इजराइली नौसेना ने करीब 20 नौकाओं और 175 कार्यकर्ताओं को रोका है।
कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि इजराइली सेना ने उनकी नौकाओं पर धावा बोला, इंजन तोड़ दिए और नौका पर सवार कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। यह घटना बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात गाजा और इजराइल से सैकड़ों किलोमीटर दूर घटी।
इजराइली अधिकारियों ने कहा कि नौकाओं की अधिक संख्या के मद्देनजर उन्हें इजराइली जलक्षेत्र से परे जाकर कार्रवाई करनी पड़ी।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह दोनों कार्यकर्ताओं को पूछताछ के लिए इजराइल ला रहा है। मंत्रालय ने अबुकेशेक के ‘‘आतंकवादी संगठन से जुड़े होने’’ और ‘अवैध गतिविधियों में संलिप्त’ होने का संदेह जताया। हालांकि, अपने दावे को लेकर कोई सबूत पेश नहीं किया।
‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय समर्थन की अपील करते हुए कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि सभी सरकारें इजराइली शासन पर अवैध रूप से अपहृत सभी लोगों को रिहा करने के लिए दबाव बनाने हेतु हरसंभव प्रयास करें।’’
एपी धीरज सुरेश
सुरेश