नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने भारत की अध्यक्षता के तहत मंगलवार को डिजिटल माध्यम से ब्रिक्स महिला कार्य समूह की तीसरी प्रारंभिक बैठक आयोजित की।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास सचिव अनिल मलिक ने की। उन्होंने छह से नौ जुलाई तक कोच्चि में आयोजित होने वाली बैठकों से पहले इस बैठक के महत्व पर प्रकाश डाला। इन बैठकों में ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक और ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा कि ‘‘नवाचार, सहयोग और सतत विकास के निर्माण’’ विषय के तहत आयोजित इस बैठक में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और प्रमुख परिणामों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बयान में कहा गया है कि ब्रिक्स सदस्य देशों ने अपने सुझाव साझा किए और सहयोगात्मक तथा सर्वसम्मति आधारित परिणामों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसमें कहा गया है कि सदस्य देशों ने भारत को उसकी ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए बधाई दी तथा महिला केंद्रित पहलों के तहत हुई प्रगति की सराहना करते हुए महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के लिए निरंतर समर्थन व्यक्त किया।
मंत्रालय के अनुसार, मलिक ने भाग लेने वाले प्रतिनिधिमंडलों को उनके ‘‘रचनात्मक योगदान’’ के लिए धन्यवाद दिया और ब्रिक्स देशों में महिला-नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘‘व्यावहारिक साझेदारियों’’ को प्रोत्साहित करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्रालय ने इससे पहले 30 अप्रैल, 2026 को भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत डिजिटल माध्यम से ब्रिक्स महिला कार्य समूह की पहली प्रारंभिक बैठक आयोजित की थी।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप