भारत-रूस ने दिल्ली में हुई बैठक में पहलगाम हमले, लालकिला धमाके की निंदा की

Ads

भारत-रूस ने दिल्ली में हुई बैठक में पहलगाम हमले, लालकिला धमाके की निंदा की

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 09:11 PM IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) भारत और रूस ने यहां हुई एक अहम बैठक में सभी तरह के आतंकवाद की संयुक्त रूप से निंदा की, जिसमें पहलगाम हमला और पिछले साल दिल्ली में लालकिले के पास हुई आतंकी घटना भी शामिल है।

दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मंचों पर आतंकवाद-रोधी सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार को आतंकवाद-रोधी मामलों पर भारत-रूस संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने ‘‘आतंकवादियों और आतंकी समूहों के खिलाफ ठोस कार्रवाई’’ का आह्वान किया, जिनमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद 1267 प्रतिबंध समिति की सूची में शामिल आतंकी और उनके परोक्ष समूह तथा सहयोगी संगठन भी शामिल हैं।

इसने एक बयान में कहा कि बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और रूसी संघ के उप विदेश मंत्री दिमित्री ल्युबिंस्की ने की।

बैठक में दोनों पक्षों के संबंधित विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने सीमा-पार आतंकवाद सहित सभी तरह के आतंकवाद की निंदा की। साथ ही, उन्होंने 22 अप्रैल, 2025 को भारत के जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और 10 नवंबर, 2025 को नयी दिल्ली में लालकिले के पास हुई आतंकी घटना की भी कड़े शब्दों में निंदा की।’’

इसने कहा, ‘‘उन्होंने आतंकवादियों और आतंकी समूहों के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने का आह्वान किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति द्वारा सूचीबद्ध आतंकवादी और उनके परोक्ष समूह एवं संबद्ध संगठन शामिल हैं।’’

विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने आतंकवाद का मुकाबला करने के अपने अनुभव साझा किए और हिंसक चरमपंथ, कट्टरपंथ, आतंकी वित्त पोषण और आतंकवादी गतिविधियों के लिए नयी एवं उभरती प्रौद्योगिकी व डिजिटल वित्तीय प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए ‘‘सहयोग बढ़ाने पर सहमति’’ जताई।

उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय स्तर पर मौजूदा एवं उभरते आतंकी खतरों पर चर्चा की।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र, ब्रिक्स, ईएजी और एससीओ जैसे द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय मंचों पर आतंकवाद-रोधी सहयोग को मज़बूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्ष आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक रूस में आपसी सहमति वाली तारीख पर आयोजित करने पर सहमत हुए।’’

भाषा

नेत्रपाल पवनेश

पवनेश