जयपुर, 20 मई (भाषा) भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए)-राजस्थान और अन्य चिकित्सा संगठनों ने बुधवार को राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) के खिलाफ राज्यव्यापी बहिष्कार खत्म कर दिया। यह निर्णय राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया गया।
चिकित्सकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की प्रमुख सचिव गायत्री राठौड़ से मुलाकात की और आरजीएचएस योजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने आरजीएचएस प्रशासन को 10 दिन में संशोधित एसओपी जारी करने और चिकित्सा संगठनों के सुझावों को शामिल करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने यह आश्वासन भी दिया कि अस्पतालों के अधिकतम लंबित भुगतान जल्द जारी किए जाएंगे और भविष्य के भुगतानों के लिए पारदर्शी समयसीमा तय की जाएगी।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब