स्वच्छ ऊर्जा, स्वदेशी प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता दर्शाती है: सावंत

Ads

स्वच्छ ऊर्जा, स्वदेशी प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता दर्शाती है: सावंत

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 05:16 PM IST

पणजी, 26 अप्रैल (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ सुनने के बाद कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और स्वदेशी प्रौद्योगिकी में भारत की प्रगति देश की बढ़ती आत्मनिर्भरता को दर्शाती है।

सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कलपक्कम में स्वदेशी रूप से विकसित ‘फास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ के क्रांतिकता (क्रिटिकैलिटी) हासिल करने पर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों का उल्लेख किया जो देश के असैन्य परमाणु ऊर्जा सफर में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत द्वारा 56 गीगावाट पवन ऊर्जा क्षमता का आंकड़ा पार करने का भी उल्लेख किया, जो स्वच्छ और सतत ऊर्जा की दिशा में देश की निरंतर प्रगति को रेखांकित करता है।

सावंत ने कहा कि प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों में बांस क्षेत्र में उभरते अवसरों, यूरोपियन गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड में भारतीय छात्राओं के प्रदर्शन के बारे में भी बात की और नागरिकों से आगामी डिजिटल जनगणना 2027 में भाग लेने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रदर्शित ऐसी कहानियां देश भर के सकारात्मक घटनाक्रम को उजागर करती हैं और नागरिकों को जमीनी स्तर की उपलब्धियों से जोड़कर उन्हें प्रेरित करती हैं।

भाषा अमित नरेश

नरेश