कोलकाता, तीन अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच 2022 प्राथमिक शिक्षक अहर्ता परीक्षा (टीईटी) में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की साक्षात्कार प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है।
लिखित परीक्षा 11 दिसंबर 2022 को आयोजित की गई थी और लिखित परीक्षा के परिणाम 10 फरवरी 2023 को घोषित किए गए थे।
इसके बाद, पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड ने इस साल 12 मार्च को एक अधिसूचना जारी करके पुरुलिया, बांकुड़ा, मालदा, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम समेत कई जिलों के उम्मीदवारों के लिए जिला-वार साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित किया था।
हालांकि, बोर्ड ने एक अप्रैल को एक ताजा अधिसूचना में सभी पूर्व निर्धारित साक्षात्कार तिथियों को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया।
आधिकारिक तौर पर स्थगन का कोई कारण नहीं बताया गया।
बोर्ड के अध्यक्ष गौतम पाल ने शुक्रवार को कहा, “पहले घोषित सभी साक्षात्कार तिथियां स्थगित कर दी गई हैं। संशोधित तिथियों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को पूरी साक्षात्कार प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई है, और भविष्य की तिथियों की घोषणा आयोग के साथ विचार-विमर्श के बाद की जाएगी।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश