श्रीनगर, आठ मार्च (भाषा) सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो प्रसारित करने के आरोप में जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने भड़काऊ और अप्रमाणित वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित करने के आरोप में चदूरा इलाके में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुथिपोरा चदूरा निवासी सुहैल अहमद भट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘मास्टर इलेक्ट्रीशियन’ शीर्षक से पश्चिम एशिया की स्थिति से संबंधित हालिया प्रदर्शन के बारे में वीडियो अपलोड किए थे।
प्रवक्ता ने कहा कि ये वीडियो कथित तौर पर युवाओं और आम जनता को उकसाने के उद्देश्य से बनाए गए थे, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री के प्रसार से अनावश्यक दहशत उत्पन्न हो सकती है, सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ सकती है और सांप्रदायिक सद्भाव पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पुलिस ने बताया कि तदनुसार, चदूरा पुलिस थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने और जिले में शांति, व्यवस्था और सद्भाव बनाए रखने में अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है।
भाषा
अमित अविनाश
अविनाश