झारखंड: एसपी आवास के बाहर ‘खैनी’ को लेकर निजी अंगरक्षक ने साथी की गोली मारकर हत्या की

Ads

झारखंड: एसपी आवास के बाहर 'खैनी' को लेकर निजी अंगरक्षक ने साथी की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 10:32 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 10:32 PM IST

चतरा, 21 जुलाई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में मंगलवार को एक ठेकेदार के निजी अंगरक्षक ने कथित तौर पर ‘खैनी’ को लेकर हुए विवाद के बाद अपने साथी अंगरक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी बलवीर सिंह को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि बिहार के बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के पुत्र ठेकेदार रॉकी यादव पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आवास पर गए थे, इसी दौरान उनके एक निजी अंगरक्षक ने दूसरे अंगरक्षक को गोली मार दी।

उन्होंने बताया कि बिहार के बक्सर जिले के अतुल कुमार को बलवीर ने गोली मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

चतरा के पुलिस अधीक्षक अनीमेष नैथानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।’

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के लिए ठेकेदार, उसके चालक और उनके साथ मौजूद बिहार पुलिस के एक जवान को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि अतुल बार-बार उससे ‘खैनी’ (तंबाकू) मांग रहा था जिससे गुस्से में आकर उसने गोली मार दी।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश