जम्मू: सीआईएसएफ महानिदेशक ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

Ads

जम्मू: सीआईएसएफ महानिदेशक ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 03:50 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 03:50 PM IST

जम्मू, 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने बुधवार को अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की जम्मू में समीक्षा की।

यात्रा शुरू होने के 12 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि 57 दिवसीय यह वार्षिक तीर्थयात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।

अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ प्रमुख ने भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर, संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष (जेपीसीआर), सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष और तवी रिवर फ्रंट का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा आपात प्रतिक्रिया व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा तैयारियों, रसद व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं की समीक्षा की।

रंजन ने दौरे के दौरान सुरक्षा कर्मियों और श्रद्धालुओं से बातचीत की, मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार सतर्कता, अभियानगत तैयारियों तथा बेहतर समन्वय बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने इसके बाद एक उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), जम्मू कश्मीर पुलिस, खुफिया ब्यूरो, भारतीय सेना और वार्षिक तीर्थयात्रा से जुड़ी अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

अधिकारियों के अनुसार, सीआईएसएफ महानिदेशक ने सुरक्षा बलों की पेशेवर कार्यशैली और आपसी समन्वय की सराहना की तथा भरोसा जताया कि वे आगे भी वार्षिक तीर्थयात्रा को सुचारु, सुरक्षित व बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित