जम्मू: सुधार गृह से फरार दो पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया, गैंगस्टर अभी फरार

Ads

जम्मू: सुधार गृह से फरार दो पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के भीतर पकड़ा गया, गैंगस्टर अभी फरार

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 05:08 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 05:08 PM IST

जम्मू, 17 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में एक बाल सुधार गृह से सोमवार शाम को दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय गैंगस्टर फरार हो गया। तीन बंदियों के फरार होने के बाद कर्तव्य में कथित तौर पर लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के भीतर पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया, जबकि गैंगस्टर अभी फरार है।

अधिकारियों ने बताया कि आरएस पुरा के डबलेहर निवासी कराजीत सिंह उर्फ ​​गुग्गा और पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सना-उल्ला व अहसान अनवर सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे पुलिसकर्मियों पर हमला कर बाल सुधार गृह से फरार हो गए थे।

इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, ये निलंबन विभागीय जांच का हिस्सा हैं, जिसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि भागने की घटना कैसे हुई, सुरक्षा में सेंध क्यों लगी और क्या कहीं तैनात कर्मियों की ओर से कर्तव्य में कोई चूक हुई।

अधिकारियों ने बताया कि बंदियों के फरार होने की घटना के बाद विशेष टीम गठित की गई और इन्होंने दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों फरार पाकिस्तानी नागरिकों को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, ‘खौफ’ गिरोह से जुड़े एक गैंगस्टर का सुधारगृह के अंदर गोलीबारी करते हुए एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश