जम्मू कश्मीर। पाकिस्तान सीजफायर का उल्लंघन कर लगातार गोली बारी कर रहा है। इसी के चलते अखनूर में पाकिस्तानी फायरिंग में भारत के दो जवान शहीद हो गए थे.इन शहीद जवानों में एक थे विजय पांडे जिनकी आने वाली 20 जून को शादी होने वाली थी.
उत्तरप्रदेश के फतेहपुर के रहने वाले शहीद विजय पांडे का पार्थिव शरीर जब उनके घर पहुंचा तो लोगों की आँखों से आंसू नहीं थम रहे थे। घर में मातम के माहौल के बीच एक ही बात थी की विजय की शादी के कार्ड बंट गए थे। जिसके माथे पर सेहरा बंधने वाला था वो आज तिरंगा में लिपटा आया है।
फतेहपुर के सठिगवां गांव में विजय पांडे को अंतिम विदाई दी गई. इस मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हुए. बताया जाता है कि उनकी शादी के लिए काफी तैयारियां की गई थी और कार्ड भी छपवाए जा चुके थे.ज्ञात हो कि रविवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने अखनूर सेक्टर के प्रगवाल इलाके और नजदीक के कंचक और खौर सेक्टरों में भारी गोलीबारी की थी। इस वजह से लोगों को अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा था।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान के सैनिकों ने आधी रात के बाद करीब एक बजकर 15 मिनट पर पाकिस्तान की ओर से प्रगवाल में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसमें सहायक उपनिरीक्षक एसएन यादव और कांस्टेबल वीके पांडे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया था।
वेब डेस्क IBC24