रांची, 13 जून (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को असम के जोरहाट में एक विमान दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच जवानों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को सलाम करता है।
रूस में निर्मित एएन-32 विमान नियमित उड़ान के दौरान पूर्वाह्न लगभग 10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम की मौत हो गई।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘असम के जोरहाट में एएन-32 विमान दुर्घटना की दुखद खबर से व्यथित हूं जिसमें वायुसेना के पांच वीर जवानों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। राष्ट्र उनके साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को नमन करता है।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’
भाषा
खारी पवनेश
पवनेश