रांची, 28 सितंबर (भाषा) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रांची में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय का घेराव किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराने विधानसभा परिसर के पास से विरोध मार्च निकाला, जो धुर्वा स्थित सीईओ कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ।
मार्च के दौरान सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और ‘ज्ञानेश कुमार शर्म करो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में आरोप लगाया, “ज्ञानेश कुमार भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और लोकतंत्र की मर्यादा को भंग कर रहे हैं। वह वोट चोरी का काम कर रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने बिहार और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा को “अनुचित लाभ” पहुंचाया।
कमलेश ने कहा, “हमारे नेता राहुल गांधी ने पूरे देश के सामने हरियाणा और महाराष्ट्र में वोट चोरी के संबंध में सबूत और तथ्य रखे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग करती है क्योंकि उन्होंने संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
झारखंड कांग्रेस का यह प्रदर्शन ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट के बाद हुआ है, जिसमें दावा किया गया था कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराई, जिन्हें उन्होंने कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना जारी किया गया बताया था।
भाषा मनीषा
मनीषा