झारखंड: हजारीबाग में रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान युवक की हत्या करने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

Ads

झारखंड: हजारीबाग में रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान युवक की हत्या करने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 06:21 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 06:21 PM IST

हजारीबाग (झारखंड), पांच अप्रैल (भाषा) झारखंड पुलिस ने हजारीबाग जिले में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान 21 वर्षीय एक युवक की हत्या करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटना 29 मार्च को लोहसिंघना थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब गढ़ीखाना से झंडा चौक तक एक शोभायात्रा निकाली जा रही थी।

हजारीबाग के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित आनंद ने कहा, ‘‘हमने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी हत्या में शामिल थे। उन्होंने शोभा यात्रा के दौरान तलवारों, चाकुओं और डंडों से पीड़ित पर बेरहमी से हमला किया था।’’

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शोभायात्रा के दौरान जब वे हथियारों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे, तभी पीड़ित अचानक उसमें घुस गया जिसके बाद उनके बीच कहासुनी हुई और उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ग्वालटोली निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी 19 से 25 वर्ष आयु वर्ग के हैं। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया और स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भाषा

सिम्मी सुभाष

सुभाष