रांची, 26 अप्रैल (भाषा) झारखंड लोक सेवा आयोग ने प्रश्न पत्रों की कमी और पठनीयता संबंधी समस्याओं के कारण रविवार को दो केंद्रों पर आयोजित होने वाली दो जेट-2024 परीक्षाओं को रद्द कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बोकारो जिले के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल और रांची के ‘एएसटीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ में झारखंड पात्रता परीक्षा (जेईटी) रद्द कर दी गई। उन्होंने बताया कि शिक्षा और उड़िया की परीक्षाएं रद्द की गईं।
आयोग ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अपर्याप्त प्रश्न पत्रों और पठनीयता संबंधी समस्याओं के कारण दोनों केंद्रों पर दोनों विषयों की परीक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया गया।’’
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘उपरोक्त दोनों विषयों की परीक्षाओं के पुनर्निर्धारण की सूचना अलग से दी जाएगी।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बोकारो केंद्र पर, उड़िया विषय के प्रश्नपत्र कम पड़ने पर कुछ उम्मीदवारों ने हंगामा किया।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नत्थू सिंह मीणा ने कहा, ‘‘जैसे ही हमें सूचना मिली, हम मौके पर पहुंचे। प्रश्नपत्र अपर्याप्त होने के कारण उम्मीदवार परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे थे।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप