जेपीएससी: परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में चौथी बार सीआईडी के समक्ष पेश हुए पूर्व अध्यक्ष खियांग्ते

Ads

जेपीएससी: परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में चौथी बार सीआईडी के समक्ष पेश हुए पूर्व अध्यक्ष खियांग्ते

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 02:05 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 02:05 PM IST

रांची, तीन अगस्त (भाषा) झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चौथे दौर की पूछताछ के लिए सोमवार को सीआईडी अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वह पूर्वाह्न करीब 11 बजे एजेंसी के दफ्तर पहुंचे।

अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने इससे पहले 28 जुलाई को खियांग्ते से नौ घंटे तथा 29 और 31 जुलाई को आठ-आठ घंटे पूछताछ की थी।

खियांग्ते ने राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में सीआईडी द्वारा उनके सरकारी आवास समेत कई जगहों पर तलाशी लेने से एक दिन पहले, 22 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।

खियांग्ते ने 27 जुलाई को कहा कि उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ‘‘अपनी मर्जी से इस्तीफा देने का फैसला किया है’’।

खियांग्ते को पिछले साल फरवरी में राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था।

सीआईडी ने आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि आयोग ने विपक्षी भाजपा के विरोध के बीच ‘‘अपरिहार्य परिस्थितियों’’ का हवाला देते हुए 25 जुलाई से 27 जुलाई तक होने वाली जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा को टाल दिया है।

सीआईडी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में सोमवार सुबह से कई जगहों और जिलों में छापेमारी कर रही है।

भाषा वैभव सुभाष

सुभाष