कपूरथला जेल झड़प: दंगा और आगजनी के आरोप में 31 कैदियों पर मामला दर्ज

Ads

कपूरथला जेल झड़प: दंगा और आगजनी के आरोप में 31 कैदियों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 03:09 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 03:09 PM IST

चंडीगढ़, 25 मई (भाषा) कपूरथला केंद्रीय कारागार के अंदर हुई झड़प में तीन कैदियों के घायल होने के मामले में सोमवार को 31 कैदियों के खिलाफ दंगा और आगजनी समेत अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

शनिवार रात जेल के ब्लॉक-4 में कैदियों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया था।

कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि 31 कैदियों के खिलाफ दंगा, आगजनी, हत्या का प्रयास, सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और कारागार अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

झड़प के दौरान कैदियों ने अधिकारियों के साथ हाथापाई करने की कोशिश की। कुछ कैदियों ने अपनी बैरकों के बाहर आग भी लगा दी। पुलिस के अनुसार, वे छत पर जाने वाले गेट और लोहे की ग्रिल को तोड़कर अपनी बैरकों की छत पर पहुंच गए थे।

पुलिस ने बताया था कि झड़प में दो कैदी घायल हो गए, जबकि एक अन्य आंसू गैस के गोले की चपेट में आने से घायल हो गया। इस झड़प में कोई भी पुलिसकर्मी या जेल कर्मचारी घायल नहीं हुआ।

रविवार को पुलिस ने जेल में उत्पात मचा रहे कैदियों से लोहे की छड़ें, लाठियां और मोबाइल फोन जब्त किए।

विपक्षी दलों ने कपूरथला जेल की घटना को लेकर भगवंत मान सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति एक बार फिर उजागर हो गई है।

भाषा संतोष मनीषा

मनीषा