बेंगलुरु, 26 मई (भाषा) कर्नाटक के बेंगलुरु में निर्माणाधीन अपार्टमेंट परिसर की दीवार गिरने से 17 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान रायचूर जिले के पंचमुखी गांव निवासी भीमेश के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूलैया (32) का पास के अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वह गुंजाला गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सोमवार दोपहर चिक्कबनासवाड़ी स्थित एक निर्माण स्थल पर हुआ।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुई बारिश के बाद परिसर की दीवार के पास जमा हुए पानी और कीचड़ को छह मजदूर साफ कर रहे थे। दोपहर करीब दो बजे अचानक दीवार ढह गई और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन मजदूर सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे, लेकिन भीमेश और दूलैया मलबे के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। भीमेश की बाद में अस्पताल में मौत हो गई।
निवासियों ने इस दुर्घटना के लिए बिल्डर तथा साइट मालिकों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने लापरवाही से मौत का कारण बनने के आरोप में भवन मालिक के खिलाफ बनासवाड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश